भाजपा ने आज प्रदेशभर में कमलनाथ सरकार के खिलाफ घंटानाद आंदोलन किया

रतलाम. प्रदेशभर में भाजपा ने आज कमलनाथ सरकार के खिलाफ घंटानाद आंदोलन किया। जिलेभर के भाजपा नेता और कार्यकर्ता बुधवार को गीता मंदिर के पास महू रोड स्थित फव्वारा चौक चौराहे पर एकत्रित हुए और प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और घंटानाद के साथ ही घड़ियाल, मंजीरे, थालियां बजाते हुए प्रदर्शन किया। वहीं कुछ कार्यकर्ताओं ने आदिवासी नृत्य अपना विरोध प्रकट किया। कार्यकर्ताओं ने इस दौरान कलेक्टर कार्यालय का घेराव भी किया।



 


बुधवार दोपहर घंटानाद आंदोलन पूर्व केन्द्रीय मंत्री और पूर्व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सत्यनारायण जटिया के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान शहर विधायक चेतन्य काश्यप, जावरा विधायक डॉ. राजेन्द्र पाण्डे, ग्रामीण विधायक दिलीप मकवाना, पूर्व गृहमंत्री हिम्मत कोठारी, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेन्द्रसिंह लुनेर, जिला पंचायत अध्यक्ष परमेश मईड़ा, प्रकाश भगोरा सहित भाजपा नेता मौजूद थे। 


आदिवासी नृत्य कर किया प्रदर्शन
भाजपा कार्यकर्ता सुबह से ही फव्वारा चैक पर एकत्रित होने लगे थे। प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर सभी घंट, घड़ियान, झांझ, मंजीरे, थाली लेकर प्रदर्शन स्थल पर पहुंच थे। यहां से वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में कलेक्ट्रेट का घेराव किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष राजेन्द्रसिंह लुनेरा ने कहा कमलनाथ सरकार जब से सत्ता में आई है, प्रदेश में कानून का राज खत्म हो गया है। आज प्रदेश में चारों तरफ अराजकता फैली हुई है। अपहरण, हत्या, लूट की वारदातें आए दिन बढ़ती ही जा रही हैं। प्रदेश में महिलाएं और बच्चियां खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रही हैं। 


कांग्रेस की सरकार किसानों से कर्जमाफी का वादा कर प्रदेश में आई थी, लेकिन 10 महीने बाद भी किसानांे का कर्जमाफ नहीं हुआ है। जबकि इनके राष्ट्रीय अध्यक्ष ने मंच से घोषणा की थी कि सत्ता में आते ही दस दिन में कर्जा माफ होगा, यदि ऐसा नहीं हुआ तो मुख्यमंत्री बदल जाएगा।  किसान खाद-बीज के लिए परेशान हो रहे हैं। इस मौके पर कुछ कार्यकर्ताओं ने आदिवासी नृत्य कर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।